June 6, 2026

नोएडा का सीबीएसई 12वीं रिजल्ट गिरा, देशभर में 20वें स्थान पर पहुंचा रीजन

Noida/Alive News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। इस बार नोएडा रीजन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पिछले वर्ष की तुलना में रिजल्ट में गिरावट दर्ज की गई है और नोएडा देशभर में 20वें स्थान पर पहुंच गया है।

सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष नोएडा रीजन में 79.02 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए हैं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 81.29 प्रतिशत था। वर्ष 2025 में नोएडा रीजन अपने 18 जिलों में पहले स्थान पर रहा था, लेकिन इस बार प्रदर्शन कमजोर होने के कारण रैंकिंग में गिरावट दर्ज हुई है। वहीं फेल होने वाले छात्रों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।

सीबीएसई 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल तक चली थीं। रीजन स्तर पर कुल 1212 स्कूल हैं, जिनमें परीक्षा के लिए 332 सेंटर बनाए गए थे। वहीं जिला स्तर पर नोएडा में 58 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जिसमें कुल 24000 छात्रों ने परीक्षा दी थी। नोएडा रीजन से कुल 1,27,990 छात्रों ने परीक्षा दी। इसमें लड़कों का पास प्रतिशत 73.91 और लड़कियों का 85.93 प्रतिशत रहा।

इसके अलावा 420 विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों ने भी परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें दो भाषा एवं वाक्य विकलांग छात्र भी शामिल रहे। फरवरी में आयोजित परीक्षा के बाद जारी परिणाम में 15,043 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है, जो कुल परीक्षार्थियों का 12.30 प्रतिशत है।

सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन भी औसत रहा। सरकारी स्कूलों से 1033 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 983 पास हुए। वहीं निजी स्कूलों में 1,76,288 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें 91,913 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) के 785 विद्यार्थियों में से 758 पास हुए, जबकि केंद्रीय विद्यालय (केवी) के 2809 विद्यार्थियों में से 2751 ने सफलता प्राप्त की।