June 6, 2026

पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश, अवैध खनन में शामिल डंपर चालक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध खनन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक डंपर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस टीम को टक्कर मारने की कोशिश करने का आरोप है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 11 मई की सुबह पुलिस चौकी चांदपुर की टीम को सूचना मिली थी कि यमुना नदी से अवैध रूप से रेत भरकर एक डंपर तिगांव की तरफ आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने तिगांव रोड पर नाकाबंदी की।

इसी दौरान मंझावली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने डंपर रोकने के बजाय पुलिस टीम को टक्कर मारने की कोशिश की। इस मामले में थाना छांयसा में केस दर्ज किया गया।

पुलिस चौकी चांदपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू, निवासी गांव नचौली जिला फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अवैध खनन में इस्तेमाल किया गया डंपर भी जब्त कर लिया है।

आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।