August 26, 2026

फरीदाबाद में पशुओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू, 1 लाख से अधिक पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका

DC Ayush sinha

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए 11 मई से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत 1 लाख से अधिक गाय और भैंसों का घर-घर जाकर मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा।

डीसी ने बताया कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग की टीमें गांवों में जाकर पशुपालकों के घरों पर ही टीकाकरण करेंगी। साथ ही पशुओं की टैगिंग और भारत पशुधन मोबाइल ऐप पर जरूरी जानकारी भी अपलोड की जाएगी।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप निदेशक वीरेंद्र सिंह राठी ने बताया कि यह अभियान पशुओं को मुंह खुरपका (FMD) और गलघोटू (HS) जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण जरूर करवाएं।

उन्होंने बताया कि भारत पशुधन पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के लिए मोबाइल पर आए ओटीपी के जरिए सत्यापन किया जाएगा, इसलिए पशुपालक टीकाकरण टीम का सहयोग करें।

डॉ. राठी ने कहा कि गर्मी के मौसम में पशुओं में तनाव बढ़ जाता है, इसलिए कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पशुपालकों को पशुधन बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य वर्ग के लोग 250 रुपये सालाना प्रीमियम देकर 60 हजार रुपये तक का बीमा करवा सकते हैं, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए यह सुविधा मुफ्त है।

उन्होंने यह भी बताया कि विभाग जल्द डेयरी लोन योजना शुरू करने जा रहा है, जिसके लिए पशुपालक सरल पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। यह टीकाकरण अभियान मई से जून तक चलेगा।