June 6, 2026

सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को करण दलाल का समर्थन, भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की हड़ताल और आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे पूर्व मंत्री करण दलाल ने भाजपा सरकार पर सफाई कर्मचारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

करण दलाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों से कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं और शहरों को साफ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। कोरोना काल में भी उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर काम किया, लेकिन सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से नियमित करने, ठेका प्रथा खत्म करने, वेतन बढ़ाने और सुरक्षा उपकरण देने जैसी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन सरकार समाधान नहीं कर रही। उनके अनुसार कर्मचारी अपनी मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

करण दलाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करती है, जबकि कर्मचारियों, किसानों और मजदूरों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के संघर्ष के साथ खड़ी है और उनकी आवाज सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाई जाएगी।

उन्होंने सरकार से जल्द कर्मचारियों की मांगों पर फैसला लेने की अपील की और कहा कि अगर समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और बड़ा हो सकता है।

इस दौरान पूर्व पार्षद जगन डागर, पूर्व पार्षद रोहित सिंगला और कर्मचारी संगठनों के कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।