June 6, 2026

ट्रम्प 13 से 15 मई तक चीन दौरे पर जाएंगे, शी जिनपिंग से व्यापार और ताइवान मुद्दे पर होगी बातचीत

International/Alive News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन के दौरे पर जाएंगे। चीन ने सोमवार को इस यात्रा की आधिकारिक पुष्टि की है।

दौरे के दौरान ट्रम्प की मुलाकात चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होगी। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, ताइवान और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि शी जिनपिंग के निमंत्रण पर ट्रम्प चीन की राजकीय यात्रा करेंगे। पहले यह दौरा मार्च या अप्रैल में होना था, लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और ईरान से जुड़े हालात के कारण इसे टाल दिया गया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका इस बैठक में चीन पर ईरान को लेकर दबाव बना सकता है। चीन ईरान से बड़ी मात्रा में तेल खरीदता है और उसकी कई रिफाइनरियां रियायती कीमतों पर ईरानी तेल आयात करती हैं।

अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से ट्रेड टैरिफ को लेकर तनाव बना हुआ है। माना जा रहा है कि दोनों देश व्यापार संबंधों को स्थिर करने और नए समझौतों पर चर्चा कर सकते हैं।

ताइवान का मुद्दा भी बातचीत का अहम हिस्सा रहेगा। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि अमेरिका लगातार ताइवान को सैन्य और राजनीतिक समर्थन देता रहा है।

व्हाइट हाउस की प्रिंसिपल डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी एना केली ने कहा कि यह दौरा काफी महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि ट्रम्प केवल औपचारिक यात्राएं नहीं करते और इस दौरे से अहम समझौतों की उम्मीद की जा रही है।

व्हाइट हाउस के अनुसार ट्रम्प अपने दौरे के दौरान बीजिंग के मशहूर टेम्पल ऑफ हेवन का दौरा करेंगे और उनके सम्मान में एक भव्य स्टेट बैंक्वेट भी आयोजित किया जाएगा