June 6, 2026

सैनिक कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में श्रद्धा के साथ मनाया गया “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व”              

Faridabad/Alive News: “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के तहत सर्वप्रथम सैनिक कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, अन्य श्रद्धालु, एवं विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़चढ़ भाग लिया। कलश यात्रा सैनिक कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से होते हुए सैनिक कॉलोनी के शिव मंदिर पहुंची। इसके पश्चात राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन सोमनाथ से ऑनलाइन माध्यम से में किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया। साथ ही मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से लाइव जुड़ें।

केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। सरदार पटेल ने स्पष्ट कहा था कि सोमनाथ का पुनर्निर्माण भारत के स्वाभिमान का पुनर्जागरण है। इसी संकल्प के परिणामस्वरूप 11 मई 1951 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में सोमनाथ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई, जो स्वतंत्र भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जन्म का प्रतीक बनी।

कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार और इतिहास से जोड़ा जाए। आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। हमें अपनी भाषा, परंपराओं, त्योहारों और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना चाहिए। 

कार्यक्रम के दौरान निकाली गई भव्य कलश यात्रा एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे मंदिर प्रांगण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ वातावरण को शिवमय कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों द्वारा शिव लीला की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई, जिन्हें उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। 

इस अवसर पर उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, पार्षद सुमन बाला, हरिकिशन बिरोती, जगत सिंह भड़ाना, हरेंद्र भड़ाना, अंजू भड़ाना कार्यक्रम आयोजक राकेश धुनना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।