June 6, 2026

समाधान शिविर में सुनी जा रही हैं लोगों की समस्याएं: सीटीएम अंकित कुमार

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ में लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में जिला स्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता सीटीएम अंकित कुमार ने की।

शिविर का आयोजन उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

सीटीएम अंकित कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का ज्यादा से ज्यादा समाधान मौके पर ही किया जाए। जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव नहीं है, उनमें देरी के कारण स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाएं और लंबित मामलों को बिना वजह दोबारा लंबित न रखा जाए।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में सबसे ज्यादा शिकायतें परिवार पहचान पत्र (PPP) में आय संबंधी गलतियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी आ रही हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, बिजली विभाग और पुलिस से संबंधित शिकायतें भी सामने आई हैं।

सीटीएम ने कहा कि संबंधित विभागों को इन समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को जल्दी राहत मिल सके।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली, पानी, सिंचाई या अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी कोई परेशानी है, तो वह समाधान शिविर में आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनके समाधान का प्रयास कर रहा है।