September 26, 2026

पुरानी रंजिश में कार पर फायरिंग, हत्या के प्रयास में 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पुरानी रंजिश के चलते चलती कार पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। अपराध शाखा NIT की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान ह्रदय (निवासी सेक्टर-23) और मोहित चौधरी (निवासी NIT फरीदाबाद) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, NIT-5 निवासी हिमांशु ने शिकायत दी कि 16 अप्रैल की रात करीब 1 बजे वह अपने दोस्तों सागर, राहुल और साहिल के साथ कार में BK चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बलेनो कार और एक स्कॉर्पियो उनकी गाड़ी के पीछे लग गई।

जब वे Doctor Today Hospital के पास पहुंचे, तो एक बलेनो कार उनकी गाड़ी के बराबर आ गई। उसमें सवार युवकों ने पिस्टल तानकर उनकी गाड़ी पर फायर कर दिया और मौके से फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के दोस्त जतिन और एक आरोपी पियूष के बीच पहले से विवाद था। आरोपियों को शक था कि जतिन भी कार में मौजूद है। इसी वजह से उन्होंने गाड़ी का पीछा किया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जिस बलेनो कार से फायरिंग हुई, वह मोहित की बताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।