June 6, 2026

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लोगों की भावनाएं भड़काने और अराजकता फैलाने की कोशिश का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल को मॉनिटरिंग के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक के साथ मारपीट दिखाई दे रही थी। इस वीडियो को इंस्टाग्राम अकाउंट voice_of_humans_01 से शेयर किया गया और दावा किया गया कि यह घटना फरीदाबाद की है, जहां एक मुस्लिम व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

जांच में पता चला कि यह दावा झूठा था। इसके बाद साइबर सेल की शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में केस दर्ज किया गया।

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 27 अप्रैल को मोहम्मद जुनैद को महाराष्ट्र के पालघर से गिरफ्तार किया। वह उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के गांव जरारी का रहने वाला है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जानबूझकर किसी दूसरी जगह की घटना को फरीदाबाद का बताकर पोस्ट किया, ताकि लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़कें और पोस्ट ज्यादा फैल सके।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें, वरना सख्त कार्रवाई हो सकती है।