June 6, 2026

क्रेडिट कार्ड बिल से इंश्योरेंस हटाने के नाम पर ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में क्रेडिट कार्ड बिल से इंश्योरेंस चार्ज हटाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना NIT की टीम ने इस मामले में खाताधारक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, एनआईटी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 6 अक्टूबर 2025 को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को आईडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड बिल में 2,999 का इंश्योरेंस चार्ज जुड़ गया है। इसे हटाने के लिए आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उस पर जानकारी भरने को कहा।

पीड़ित ने लिंक पर अपनी जानकारी भर दी, जिसके बाद उसके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 59,163 निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने 28 अप्रैल को दिल्ली के पालम निवासी चिराग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 56,000 रुपये आए थे। वह दिल्ली में एक खिलौने की दुकान पर काम करता है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।