Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी चौक के पास एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर हत्या की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी अनखीर की टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आश मोहम्मद उर्फ समीर उर्फ जज्बा (32) और अरबाज (32) निवासी गांव बड़खल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गांव बड़खल के रहने वाले वसीम ने शिकायत दी कि 24 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी दुकान बंद करके गाड़ी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह सैनिक कॉलोनी चौक के पास रेड लाइट पर पहुंचा, तभी पीछे से समीर और उसके साथियों ने उस पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया।
इस मामले में थाना सूरजकुंड में हत्या के प्रयास और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि आश मोहम्मद का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। उसे शक था कि वसीम उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़का रहा है। इसी शक के चलते उसने अपने भाई अरबाज के साथ मिलकर वसीम पर हमला करने की योजना बनाई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

