June 6, 2026

ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम पर ठगी, 57,600 रुपये हड़पे; तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना NIT की टीम ने 25 अप्रैल को राजकुमार (42), विजय पांडे (45) निवासी गाजियाबाद और विकास चौधरी (46) निवासी बागपत को गाजियाबाद से पकड़ा। तीनों को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गांव खंदावली के एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। 1 मार्च को उसे एक फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को ट्रांसपोर्ट ऑफिस से बताया और कहा कि उसके पास गाड़ियां उपलब्ध हैं। आरोपी ने गाड़ी बुक करने के लिए 57,600 रुपये एडवांस मांगे।

शिकायतकर्ता ने फोन-पे के जरिए पैसे भेज दिए, लेकिन न तो गाड़ी बुक हुई और न ही पैसे वापस मिले। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कराया।

जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने गाजियाबाद में अपनी-अपनी ट्रांसपोर्ट फर्म रजिस्टर कर रखी थी और वे जस्ट डायल से जुड़े हुए थे। जब कोई ग्राहक जस्ट डायल पर गाड़ी बुकिंग की जानकारी डालता था, तो इन आरोपियों को भी सूचना मिल जाती थी। इसी तरह उन्होंने शिकायतकर्ता से संपर्क किया और ठगी को अंजाम दिया।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।