June 6, 2026

फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए बैठक, अधिकारियों को सख्त निर्देश

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने सभी जोन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जॉइंट कमिश्नर, सफाई निरीक्षक और सहायक सफाई निरीक्षक शामिल हुए।

बैठक में शहर की सफाई, संसाधनों के सही इस्तेमाल और काम की निगरानी पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने इलाकों में सफाई कार्यों पर नियमित नजर रखें और नगर निगम द्वारा दिए गए संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित करें।

सलोनी शर्मा ने कहा कि अगर कोई ठेकेदार नियमों के अनुसार काम नहीं करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही जॉइंट कमिश्नरों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित बैठक कर सफाई कार्यों की समीक्षा करें।

उन्होंने यह भी कहा कि शहर में अच्छी सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

साथ ही, जो लोग सफाई नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ चालान करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि शहर को साफ और सुंदर बनाया जा सके।

बैठक में एडिशनल कमिश्नर (तृतीय) परमजीत चहल और सफाई विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।