September 26, 2026

फरीदाबाद में 3 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने उसके पास से 3.010 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरेली (उत्तर प्रदेश) के बडगांव का रहने वाला है और फिलहाल पलवल के भेंडोली में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, सुनील ऑटो चलाता है और किसी के कहने पर पलवल से गांजा लेकर फरीदाबाद सप्लाई करने आया था। इसके लिए उसे 5 हजार रुपये मिलने थे।

क्राइम ब्रांच की टीम ने 22 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर समयपुर रोड से उसे गांजा और ऑटो के साथ पकड़ लिया। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।