Faridabad/Alive News: राज्य निर्वाचन आयोग, हरियाणा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिला फरीदाबाद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे। इस क्रम में ब्लॉक फरीदाबाद के ग्राम भस्कोला के वार्ड नंबर 3 (पंच), ब्लॉक तिगांव के ग्राम शाहुपुरा खादर (सरपंच) तथा ग्राम फत्तूपुरा के वार्ड नंबर 2 (पंच – अनुसूचित जाति महिला), वहीं ब्लॉक बल्लभगढ़ के ग्राम फतेहपुर बिलौच के वार्ड नंबर 19 (पंच – महिला), ग्राम डीग के वार्ड नंबर 1 (पंच) तथा ग्राम जकोपुर के वार्ड नंबर 2 (पंच – पिछड़ा वर्ग ‘ए’ महिला) के लिए चुनाव कराए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त फरीदाबाद आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी कार्यक्रम के अनुसार इन उपचुनावों की नामांकन प्रक्रिया 21 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक संबंधित ग्राम पंचायतों के निर्धारित स्थलों पर प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संपन्न होगी। ग्राम भस्कोला के लिए नामांकन, जांच एवं मतगणना का कार्य राजकीय उच्च विद्यालय भस्कोला में, ग्राम फत्तूपुरा के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुरा में तथा ग्राम शाहुपुरा खादर के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय शाहुपुरा खादर, ग्राम फतेहपुर बिल्लोच के लिए राजकीय प्राथमिक मॉडल संस्कृति विद्यालय फतेहपुर बिल्लोच, ग्राम डीग के लिए राजकीय मिडल विद्यालय डीग तथा ग्राम ज़कोपुर के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय ज़कोपुर में किया जाएगा।
नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:00 बजे से की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 28 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 10 मई 2026 (रविवार) को प्रातः 8:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक होगा तथा मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर ही की जाएगी।

