June 6, 2026

सीही गांव में सीवर ओवरफ्लो की समस्या दूर, नगर निगम की कार्रवाई जारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सीही गांव में सीवर ओवरफ्लो की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम की टीम लगातार काम कर रही है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

इस दौरान एसडीओ और जेई अंकित गोयल भी टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया और सीवरेज व्यवस्था की जांच कर जरूरी निर्देश दिए।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से सीवर की सफाई का काम लगातार चल रहा है। मशीनों और कर्मचारियों की मदद से सीवर लाइन को साफ किया गया है, जिससे अब गलियों में गंदा पानी जमा नहीं हो रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लोग सीवर में कूड़ा और पशुओं का गोबर डाल देते हैं, जिससे लाइन जाम हो जाती है और पानी की निकासी रुक जाती है। निगम की टीम ऐसी लाइनों को साफ कर रही है ताकि समस्या दोबारा न हो।

नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे सीवर में कूड़ा या गोबर न डालें, क्योंकि इससे जलभराव की समस्या बढ़ती है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे इलाके की स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।