Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में आने वाली जनगणना को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए जिले के अलग-अलग स्कूलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह प्रशिक्षण मुख्य जनगणना अधिकारी और निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में चल रहा है।
जिले में करीब 5500 गणनाकर्ताओं (एन्यूमरेटर) और सुपरवाइजर को 6 अप्रैल से 22 अप्रैल तक 31 प्रशिक्षण केंद्रों पर ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके लिए 62 ट्रेनर लगाए गए हैं। प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, नियम और तकनीकी जानकारी दी जा रही है।
अधिकारियों को बताया गया कि इस बार जनगणना के आंकड़े मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए सीधे दर्ज किए जाएंगे। साथ ही हाउस लिस्टिंग, सेल्फ एन्यूमरेशन और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
जनगणना निदेशालय हरियाणा के जिला समन्वयक प्रशांत शर्मा ने भी प्रशिक्षण में हिस्सा लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिससे देश की जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाए जाते हैं। इस दौरान इकट्ठा की गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है और इसका इस्तेमाल केवल आंकड़ों के लिए किया जाता है।
इस काम में सरकारी और निजी स्कूलों के शिक्षक, साथ ही अलग-अलग विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल किए जाएंगे, ताकि जनगणना का काम सही और समय पर पूरा किया जा सके।

