June 6, 2026

हरियाणा में किसानों का प्रदर्शन: 5 जिलों में जाम, हांसी में टोल कब्जा, नए नियमों का विरोध

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में रबी फसलों की खरीद के लिए बनाए गए नए नियमों के खिलाफ शनिवार को किसानों ने कई जिलों में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किया गया। किसान सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अनाज मंडियों और हाईवे पर बैठे रहे।

हांसी में किसानों ने रामायण टोल प्लाजा पर कब्जा कर लिया और सभी लेन बंद कर दीं। मौके पर पहुंचे डीएसपी के साथ किसानों की बहस भी हुई। किसानों ने प्राइवेट बसों को टोल से वापस लौटा दिया। वहीं, हिसार में नेशनल हाईवे पर जाम लगाने पहुंचे किसानों की पुलिस से नोकझोंक हुई, जिससे कई वाहन करीब दो घंटे तक फंसे रहे। कुछ यात्री बसों से उतरकर पैदल ही निकल गए।

इसके अलावा करनाल के असंध, सोनीपत के रतनगढ़, फतेहाबाद के रतिया में भी किसानों ने रास्ता जाम किया। रतिया में किसानों ने एम्बुलेंस के लिए रास्ता दिया, लेकिन निकलते समय एम्बुलेंस ट्रॉली से टकरा गई, जिससे उसका शीशा टूट गया। रोहतक, भिवानी, पानीपत, कैथल, यमुनानगर और पंचकूला में भी किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया।

किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियम उनके लिए मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं।

किसानों का विरोध किन नियमों को लेकर है:

  • मंडी में फसल लाने से पहले स्लॉट बुक करना जरूरी किया गया है।
  • “मेरी फसल-मेरा ब्योरा” पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
  • फसल लाने वाले वाहन का नंबर पहले से देना जरूरी है।
  • फसल की गुणवत्ता के सख्त नियम लागू किए गए हैं, ज्यादा नमी होने पर फसल रिजेक्ट हो सकती है।
  • फसल का भुगतान सीधे बैंक खाते में किया जाएगा, जिसे 72 घंटे के भीतर देने का लक्ष्य है।

किसानों का कहना है कि ये नियम जमीन पर लागू करना आसान नहीं है और इससे उन्हें परेशानी हो रही है।