Faridabad/Alive News: मेट्रोमोनियल ऐप के जरिए ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इस आरोपी को नोएडा के सेक्टर-58 से पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रशांत भाटी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का रहने वाला है।
शिकायत में सेक्टर-2 के एक व्यक्ति ने बताया कि उसने एक मेट्रोमोनियल ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। वहां उसकी एक लड़की से पहचान हुई और दोनों की बातचीत फोन और व्हाट्सएप पर होने लगी। लड़की ने खुद को एक बड़ी कंपनी में काम करने वाली बताया।
कुछ समय बाद लड़की ने उसे एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पैसे निवेश करने के लिए कहा और एक लिंक भेजा। व्यक्ति ने उसके कहने पर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तो उससे और 2 लाख रुपये मांगे गए, जो उसने दे दिए। इस तरह ठगों ने उससे कुल 45 लाख रुपये की ठगी कर ली।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी प्रशांत भाटी के खाते में ठगी की रकम में से 1,67,000 रुपये आए थे। आरोपी बीकॉम पास है और गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में काम करता है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

