Faridabad/Alive News: श्री संकट मोचन हनुमान मंडल, कैली धाम में आगामी 2 अप्रैल को चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में मंडल की एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक संरक्षक मंडल के वीएस चौधरी, अरुण बजाज और प्रेम प्रकाश गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुई, जबकि अध्यक्षता प्रफुल्ल कुमार शर्मा ने की। इस दौरान प्रधान ललित गर्ग, सचिव मुकेश वर्मा, उपप्रधान योगेश तिवारी और कोषाध्यक्ष मदन गोपाल बंसल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु निवर्तमान प्रधान पारसमल को प्रोजेक्ट चेयरमैन नियुक्त किया गया। कोऑर्डिनेशन कमेटी में पवन वशिष्ठ, गौतम चौधरी, पवन कुमार गुप्ता और विनोद गर्ग को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं अन्य व्यवस्थाओं के तहत विभिन्न टीमों को अलग-अलग दायित्व दिए गए।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भजन संध्या का विशेष आयोजन होगा, जिसमें जयपुर के मनोज पारीक, फरीदाबाद के योगेश तिवारी (मुन्ना भैया), पलवल की इशिता शर्मा, सूरज शर्मा और मनीषा सैनी सहित कई प्रसिद्ध कलाकार भजन प्रस्तुत करेंगे। साउंड व्यवस्था लखदातार म्यूजिकल ग्रुप द्वारा संभाली जाएगी।
मंडल के पूर्व प्रधान पवन वशिष्ठ ने बताया कि इस अवसर पर अखंड ज्योत, विशाल भंडारा, अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, भव्य दरबार और भजन संध्या जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंडल ने शहर के सभी श्रद्धालुओं और सनातन प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

