June 6, 2026

हर गांव का क्रॉप सर्वे तय समय में पूरा करें अधिकारी : डीसी

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आज डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य को समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सर्वे की मॉनिटरिंग उच्च स्तर पर की जा रही है और प्रत्येक तहसील, गांव तथा यूजर आईडी की दैनिक प्रगति का विश्लेषण किया जाएगा।

डीसी ने सभी पटवारियों एवं अंडर-ट्रेनिंग पटवारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह से ही फील्ड में सक्रिय होकर कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आयुष सिन्हा ने सभी एसडीएम, डीआरओ और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे रोजाना कार्य की समीक्षा करें और कर्मचारियों के लिए स्पष्ट दैनिक लक्ष्य तय करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क या तकनीकी समस्याएं हैं, वहां ऑफलाइन मोड में डेटा एकत्र कर बाद में अपलोड करने की व्यवस्था अपनाई जाए।

डीसी ने अधिकारियों को फील्ड विजिट बढ़ाने, कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या को तुरंत जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।

बैठक में बड़खल के एसडीएम त्रिलोक चंद, बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीआरओ विकास, बड़खल तहसीलदार नेहा सहारन, बल्लभगढ़ तहसीलदार भूमिका लांबा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।