June 6, 2026

गैस संकट के बीच बड़ा फैसला, डबल सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग की बढ़ी अवधि

Faridabad/Alive News: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते पैदा हुआ गैस संकट फिलहाल कम होता नहीं दिख रहा है। इसी को देखते हुए एलपीजी कंपनियों ने घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग अवधि में बदलाव किया है। जो अवधि पहले 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन की गई थी, उसे अब बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। मंगलवार देर शाम इसके संशोधित निर्देश गैस एजेंसियों तक पहुंचा दिए गए।

इंडियन ऑयल से जुड़ी एक गैस एजेंसी संचालक ने इस बदलाव की पुष्टि की है। यह नई अवधि खास तौर पर उन उपभोक्ताओं पर लागू होगी, जिनके पास एक ही कनेक्शन पर दो गैस सिलिंडर होते हैं। एलपीजी कंपनियां ऐसे उपभोक्ताओं को डीबीसी (डबल बॉटल कनेक्शन) श्रेणी में रखती हैं।

वहीं सिंगल बॉटल कनेक्शन (एसबीसी) वाले उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग की अवधि पहले की तरह 25 दिन ही रहेगी। यह अवधि उस तारीख से गिनी जाती है, जब उपभोक्ता को पिछली बार सिलिंडर की डिलीवरी मिली थी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए बुकिंग अवधि 45 दिन निर्धारित है, जो पहले की तरह जारी रहेगी।