Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर शहर में प्रॉपर्टी टैक्स न चुकाने वाले बैंक्विट हॉल और मैरिज पैलेस संचालकों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया गया है। अतिरिक्त आयुक्त-1 सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 61 बकायेदारों की प्रॉपर्टी सील की जा चुकी है।
निगम की क्षेत्रीय और कर अधिकारियों की टीमों ने विभिन्न जोनों में कार्रवाई करते हुए इन बैंक्विट हॉल और मैरिज पैलेस यूनिट्स को सील किया। निगम के आंकड़ों के अनुसार इन इकाइयों पर करोड़ों रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।
सबसे ज्यादा बकाया एनआईटी जोन-II में पाया गया है, जहां 35 यूनिट्स पर लगभग 2.67 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसके अलावा ओल्ड जोन-I में 12 यूनिट्स पर करीब 36 लाख रुपये और ओल्ड जोन-II में 14 यूनिट्स पर लगभग 15 लाख रुपये का टैक्स बकाया दर्ज किया गया है। कुल मिलाकर सील की गई संपत्तियों पर 3 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है।
एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने कहा कि बकायेदारों को पहले ही नोटिस जारी कर भुगतान के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही 131 अन्य बैंक्विट हॉल को भी नोटिस दिया जा चुका है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सभी संपत्ति धारकों से समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निगम की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि टैक्स से प्राप्त होने वाली राशि से फरीदाबाद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलती है।

