June 6, 2026

शहीद दिवस पर फरीदाबाद में मेगा पदयात्रा, 23 मार्च को कई रास्ते रहेंगे बंद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 23 मार्च 2026 (शहीद दिवस) के मौके पर MY Bharat के तहत एक बड़ी पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और एनसीसी के कई छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।

यह पदयात्रा के.एल. मेहता कॉलेज से शुरू होकर डीसीपी एनआईटी कार्यालय के सामने से गुजरते हुए के.सी. रोड (के.सी. सिनेमा रोड) से शहीद भगत सिंह चौक (एनआईटी-5) तक जाएगी।

पुलिस के अनुसार, सुबह 6 बजे से 11 बजे तक बीके चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक का रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान इस रूट पर किसी भी वाहन की आवाजाही नहीं होगी और सड़क किनारे पार्किंग भी नहीं करने दी जाएगी।

डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह ने बताया कि यातायात को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और जरूरत पड़ने पर रास्तों को डायवर्ट किया जाएगा। पूरी व्यवस्था की निगरानी की जाएगी ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो। इस व्यवस्था की जिम्मेदारी एसीपी ट्रैफिक-1 शैलेंद्र कुमार के पास रहेगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस समय के दौरान के.सी. रोड और आसपास के रास्तों से बचें और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें। घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें ताकि परेशानी न हो।

पदयात्रा के दौरान एम्बुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं को पहले रास्ता दिया जाएगा। मौके पर ट्रैफिक पुलिस लोगों की मदद के लिए मौजूद रहेगी।