Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है। वरिष्ठ IAS अधिकारी अमित अग्रवाल को यूनिवर्सिटी का प्रशासक बनाया गया है। उन्होंने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया है और अब यूनिवर्सिटी के प्रशासन और वित्तीय कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे।
यह फैसला उस समय लिया गया जब दिल्ली ब्लास्ट मामले में यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ डॉक्टरों के नाम सामने आए। 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए धमाके में 15 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में आरोपी डॉक्टर उमर नबी अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कार्यरत था। इसके अलावा डॉक्टर मुजम्मिल शकील और डॉक्टर शाहीन सईद को भी जांच एजेंसी NIA ने गिरफ्तार किया है।
सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई थी। IAS अधिकारी श्यामल मिश्रा की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में यूनिवर्सिटी में कई गड़बड़ियां पाई गई थीं।
सरकार ने 2025 में हरियाणा प्राइवेट यूनिवर्सिटीज (संशोधन) विधेयक पास किया था, जिसके तहत सरकार को जरूरत पड़ने पर निजी यूनिवर्सिटी का प्रबंधन अपने हाथ में लेने का अधिकार मिल गया है।
प्रशासक बनने के बाद अमित अग्रवाल ने कुछ नई नियुक्तियां भी की हैं। जेसी बोस यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. अजय रंगा को अल-फलाह यूनिवर्सिटी का नया उपकुलपति बनाया गया है। वहीं डॉ. राजीव कुमार सिंह को परीक्षा नियंत्रक, रवि कुमार शर्मा को मुख्य वित्त अधिकारी और डॉ. मेहा शर्मा को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए अभिनव और राजदीप को जिम्मेदारी दी गई है।
हालांकि यूनिवर्सिटी की फैकल्टी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पढ़ाई पहले की तरह ही जारी रहेगी और छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल यूनिवर्सिटी में करीब 1700 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।

