March 10, 2026

फरीदाबाद में बाटा फ्लाईओवर के नीचे लगी भीषण आग, 15–25 खोखे जलकर राख; दुकानदारों को लाखों का नुकसान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में बाटा रेलवे फ्लाईओवर के नीचे लगी अवैध मंडी में मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बने करीब 15 से 25 खोखे, छोटी दुकानों और तख्तों में रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दुकानदारों के अनुसार रात करीब 11 बजे तक सभी अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। रेलवे स्टेशन पर आने वाले कुछ लोगों ने सबसे पहले आग लगने की सूचना आसपास के लोगों को दी। इसके बाद करीब 4:30 बजे दुकानदारों को पता चला कि फ्लाईओवर के नीचे लगी दुकानों में आग लगी हुई है।

जब दुकानदार मौके पर पहुंचे तो आग की तेज लपटें उठ रही थीं और एक के बाद एक खोखे जलते जा रहे थे। दुकानदारों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी और तख्तों से बनी दुकानों में आग तेजी से फैल गई।

इस आग में कई दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। सीमा की चप्पल और मेकअप की दुकान पूरी तरह जल गई। वहीं मीना की सिंगार की दुकान, रेखा की कपड़ों की दुकान और शकील की जूते-चप्पलों की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। इसके अलावा कई लोग यहां चप्पल, जूते, बर्तन, कपड़े और सब्जियां बेचकर अपनी रोजी-रोटी चलाते थे। आग में उनका सारा सामान जल गया, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

दुकानदारों ने आग लगने के पीछे साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह आग अपने आप नहीं लगी, बल्कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है। उनका यह भी कहना है कि नगर निगम पहले भी इस जगह को अवैध बताते हुए दुकानों को हटाने की चेतावनी दे चुका है। कुछ दुकानदारों ने बताया कि पहले भी यहां आग लगने की घटना हो चुकी है।

दमकल विभाग के फायर ऑफिसर जितेंद्र ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिनमें दो गाड़ियां एनआईटी फायर स्टेशन से और एक सेक्टर-15 फायर स्टेशन से पहुंची थीं। फायर कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 6:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।