Faridabad/Alive News: हरियाणा में आज से आरंभ हुई बोर्ड परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने हेतु हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं अनुशासन के मानकों में किसी प्रकार की ढलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी, अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरान्त उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी समन्वय स्थापित कर स्वयं फील्ड में जाकर निरंतर परीक्षा केंद्रों की निगरानी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिला में स्थापित सभी 80 परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ प्रबंध सुनिश्चित हो तथा संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी की जाए।
परीक्षा केंद्रों पर 200 मीटर दायरे में प्रतिबंध, धारा-163 के तहत विशेष आदेश लागू
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही फोटोकॉपी, फोटोटेट मशीनों और अन्य कॉपिंग उपकरणों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है, ताकि नकल जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान कोई भी व्यक्ति आग्नेयास्त्र या अन्य चोट पहुंचाने वाले हथियार लेकर नहीं चल सकेगा। नारेबाजी, धरना-प्रदर्शन और भीड़ एकत्रित करने जैसी गतिविधियां भी प्रतिबंधित रहेंगी।
जिलाधीश आयुष सिन्हा ने कहा कि आदेश 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेंगे। सभी थाना प्रभारियों को इन निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से परीक्षाओं के शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग की अपील की है।
बैठक में एडीसी सतबीर मान, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

