June 13, 2026

डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ

Faridabad/Alive News: डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद में एनएसएस की बॉयज़ एवं गर्ल्स यूनिट द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर में कुल 100 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया।

शिविर का उद्घाटन हवन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने स्वयंसेवकों को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया। बॉयज़ यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र ढुल तथा गर्ल्स यूनिट की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री कविता शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी हुड्डा और श्री नीरज मलिक भी उपस्थित रहे।

पहले दिन हरियाणवी नृत्य और गायन प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया और महाविद्यालय द्वारा गोद ली गई राहुल कॉलोनी में ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

दिन के अंत में समूह विभाजन एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिससे स्वयंसेवकों में सहयोग और समन्वय की भावना विकसित हुई। शिविर का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और आगामी दिनों के लिए उत्साह व सेवा भावना का संचार हुआ।