June 13, 2026

सूरजकुंड मेले में पर्यटकों की सुविधाओं का खास इंतजाम, फ्री वाई-फाई से लेकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव-2026 में जहां देश-विदेश से आए शिल्पकारों की कलाकृतियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं, वहीं मेला प्रशासन पर्यटकों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रख रहा है।

हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित 39वें सूरजकुंड मेले में पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और लोक संस्कृति के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। मेला परिसर में जगह-जगह वाटर प्यूरिफायर लगाए गए हैं, ताकि आगंतुकों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। इसके साथ ही पूरे परिसर में फ्री वाई-फाई की सुविधा दी गई है, जिससे पर्यटक इंटरनेट से जुड़े रहकर अपने अनुभव साझा कर सकें।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और स्वच्छता व यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम 24 घंटे तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।

इसके अलावा मेला परिसर में डाकघर की शाखा भी बनाई गई है, जहां से आगंतुक डाक सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए आधार केंद्र तथा बैंकिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोगों को जरूरी सरकारी सेवाएं यहीं मिल सकें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित यह महोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक व्यंजनों और विभिन्न शिल्प उत्पादों के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को मजबूत कर रहा है। मेला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर भारतीय कला और संस्कृति का आनंद लेने की अपील की है।