Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद शहर में हरियाली को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मार्च 2026 में “फ्लावर फेस्टिवल” का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फ्लावर फेस्टिवल के अंतर्गत मौसमी फूलों की आकर्षक प्रदर्शनी, थीम आधारित गार्डन, वर्टिकल गार्डन, पॉटेड प्लांट्स, बोन्साई, कैक्टस एवं सक्युलेंट्स, कट फ्लावर डिस्प्ले के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन में स्कूलों, कॉलेजों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, निजी नर्सरियों, सरकारी विभागों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह पूरा कार्यक्रम इको-फ्रेंडली तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि पर्यावरण को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
उन्होंने बताया कि इस फ्लावर फेस्टिवल का आयोजन नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल की देखरेख में किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा फ्लावर फेस्टिवल का आयोजन किया जाता था, जो पिछले कई वर्षों से बंद है। नगर निगम द्वारा इस आयोजन को पुनः शुरू करने से शहर को एक नई पहचान मिलेगी।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने फरीदाबाद के सभी नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, नर्सरी संचालकों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों से आह्वान किया कि वे इस फ्लावर फेस्टिवल में बढ़-चढ़कर भाग लें और एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल से संपर्क करें, ताकि फरीदाबाद को और अधिक हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।

