March 7, 2026

पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर राष्ट्र ने किया स्मरण

Delhi/Alive News: भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक एवं प्रखर विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आज देशभर में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को हुआ था। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिंतक और कुशल संगठनकर्ता के रूप में विख्यात रहे। भारतीय जनसंघ के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही और वे इसके सह-संस्थापक थे। वर्ष 1967 तक उन्होंने जनसंघ के महामंत्री के रूप में संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया।

1967 में कालीकट अधिवेशन के दौरान उन्हें भारतीय जनसंघ का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। हालांकि, वे मात्र 43 दिनों तक ही इस पद पर रह सके। 10 से 11 फरवरी 1968 की रात मुगलसराय रेलवे स्टेशन (वर्तमान में दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन) पर उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। 11 फरवरी की प्रातः लगभग 3 बजकर 45 मीनट पर सहायक स्टेशन मास्टर को खंभा संख्या 1276 के पास कंकड़ों पर उनका शव पड़ा होने की सूचना मिली। पहचान होने के बाद यह खबर पूरे देश में फैल गई और शोक की लहर दौड़ गई।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारत की सनातन विचारधारा को आधुनिक संदर्भ में प्रस्तुत करते हुए “एकात्म मानववाद” का सिद्धांत दिया। उनकी यह विचारधारा सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास पर आधारित थी। वे एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के समर्थक थे। उनकी पुण्यतिथि पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प