March 7, 2026

सफाई कर्मचारियों व सीवरमैन के लिए चार दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ

Faridabad/Alive News : हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से फरीदाबाद जिले में सफाई कर्मचारियों, सीवरमैन एवं उनके परिजनों के लिए 10 से 13 फरवरी 2026 तक चार दिवसीय जिला स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के पहले दिन मंगलवार को नगर निगम, फरीदाबाद परिसर में शहरी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए भव्य निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

इस अवसर पर हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन ई. कृष्ण कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ आयोग कार्यालय से कोऑर्डिनेटर नीलम एवं रोहिणा भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम के स्पेशल ऑफिसर सेनिटेशन एवं ज्वाइंट कमिश्नर एशवीर सिंह ने कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की डॉक्टरों की टीम ने कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की स्वास्थ्य जांच की।

सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए चेयरमैन ई. कृष्ण कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज का वह अभिन्न अंग हैं, जो शहर को स्वच्छ एवं बीमारियों से मुक्त रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे सफाई कार्य के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहें। उन्होंने कार्य के दौरान मास्क, दस्ताने आदि सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग पर विशेष जोर दिया। चेयरमैन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आयोग सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और यह स्वास्थ्य शिविर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आयोग की कोऑर्डिनेटर नीलम एवं रोहिणा ने शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि 10 से 13 फरवरी तक यह अभियान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी चलाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के सफाई कर्मचारी भी इसका लाभ उठा सकें। आज आयोजित विशेष शिविर में सफाई कर्मचारियों एवं सीवरमैन के लिए आंखों की जांच, ब्लड टेस्ट, रक्तचाप एवं शुगर की जांच, टी.बी. की विशेष स्क्रीनिंग, चेस्ट एवं श्वसन से संबंधित रोगों की जांच सहित अन्य आवश्यक टेस्ट पूर्णतः निशुल्क किए गए।

इस अवसर पर स्पेशल ऑफिसर सेनिटेशन एवं ज्वाइंट कमिश्नर एशवीर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन सफाई कर्मचारियों के हितों एवं कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कर्मचारियों से भविष्य में भी इस प्रकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि यह चार दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर 13 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा, ताकि फरीदाबाद जिले का कोई भी सफाई कर्मचारी या सीवरमैन अपनी स्वास्थ्य जांच से वंचित न रह जाए।