March 7, 2026

गिरफ्तारी का डर दिखाकर 30.50 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार


Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने ठगी के मामले में खाताधारक मिर्जा मुस्तफा (32), निवासी हैदराबाद, तेलंगाना को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-46 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 3 नवंबर 2025 को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ATS का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके खाते में गलत तरीके से पैसे आए हैं, जिनकी RBI से जांच होनी है। साथ ही गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कहकर उसे डराया गया।

डर के कारण ठगों ने पैसे की जांच के नाम पर शिकायतकर्ता से अलग-अलग खातों में कुल 30,50,023 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इस मामले में साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि मिर्जा मुस्तफा इस मामले में खाताधारक था, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। आरोपी 12वीं पास है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। उसके खाते में ठगी के करीब 20 लाख रुपये आए थे।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।