June 17, 2026

39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में दिल्ली के हैंडमेड उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

Faridabad/Alive News: 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले में भारत की राजधानी दिल्ली के स्टॉल नंबर 280 पर प्रदर्शित हैंडमेड फ्रिज मैग्नेट, लैंप और वॉल हैंगिंग पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। खूबसूरत डिजाइन और बेहतरीन कारीगरी से सजे ये उत्पाद मेले में आने वाले लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

इस स्टॉल पर “आई एम नॉट लेजी, आई जस्ट एंजॉय डूइंग नथिंग”, “हैप्पीनेस”, “चाय बिना चैन कहा रे” और “ऑलवेज भूखा” जैसे मजेदार और भावनात्मक संदेशों वाले फ्रिज मैग्नेट खास चर्चा में हैं। बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए शिनचैन और डोरेमोन जैसे कार्टून कैरेक्टर के फ्रिज मैग्नेट भी उपलब्ध हैं, जिन्हें बच्चे और अभिभावक खूब पसंद कर रहे हैं।

दिल्ली निवासी स्टॉल संचालक अरुण ने बताया कि उनके स्टॉल पर मौजूद सारा डेकोरेशन का सामान पूरी तरह हाथों से बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी पर्यटक इस स्टॉल के पास से गुजर रहा है, उसकी नजरें फ्रिज मैग्नेट पर ठहर ही जा रही हैं। यहां केवल कार्टून आधारित ही नहीं, बल्कि खाने-पीने की चीजों जैसे डोसा, पार्ले-जी बिस्किट, लेज़ और इडली के डिजाइन वाले मैग्नेट भी उपलब्ध हैं। इन मैग्नेट की कीमत दो पीस के लिए 150 रुपये रखी गई है। एक मैग्नेट को तैयार करने में लगभग एक से डेढ़ घंटा का समय लगता है और पेंटिंग के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।

उन्होंने आगे बताया कि स्टॉल पर उपलब्ध लैंपों पर बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी कला के डिजाइन बनाए गए हैं। प्रत्येक लैंप पर पहले पेंसिल से डिजाइन तैयार किया जाता है, जिसके बाद रंग भरे जाते हैं। इन लैंपों की कीमत 700 रुपये से शुरू होती है और इनके होल्डर को निकालकर आसानी से धोया भी जा सकता है। वहीं, वॉल हैंगिंग एमडीएफ से तैयार की गई हैं।

अरुण ने बताया कि सूरजकुंड मेले में आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है और बिक्री भी संतोषजनक चल रही है। यह दूसरी बार है जब वे इस मेले में अपना स्टॉल लगा रहे हैं और इस बार का अनुभव उनके लिए काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि उनके स्टॉल पर हैंडमेड फ्रिज मैग्नेट, लैंप और वॉल हैंगिंग के साथ-साथ बच्चों के लिए दीवार पर टांगने वाले खिलौने जैसे पांडा और बंदर भी उपलब्ध हैं, जो बच्चों को खासा लुभा रहे हैं।