June 13, 2026

अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में ओनिक्स स्टोन उत्पाद बने पर्यटकों की पहली पसंद

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड की वादियों में आयोजित 39वें अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले में वैश्विक कला का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेले के अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में इस वर्ष इराक के शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए ओनिक्स स्टोन उत्पाद पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में स्थित इराक की स्टॉल नंबर 801 पर ओनिक्स पत्थर से बने बर्तन और सजावटी सामान प्रदर्शित किए गए हैं, जो अपनी चमक, फिनिशिंग और बारीक कारीगरी के कारण खूब सराहे जा रहे हैं। शिल्पकारों ने पारंपरिक तकनीकों से डेली-यूज और डेकोरेशन से जुड़े उत्पाद तैयार किए हैं।

स्टॉल पर ओनिक्स स्टोन से बने कप, कटोरी, फूलदान सहित छोटे डेकोरेटिव पीस से लेकर बड़े मास्टरपीस तक उपलब्ध हैं, जिन्हें घर की सजावट और उपहार के लिए पर्यटक पसंद कर रहे हैं।

स्टॉल पर मौजूद इराकी शिल्पकार मुस्तफा ने बताया कि भारतीय बाजार और यहां के लोगों का कला प्रेम उन्हें बेहद प्रभावित करता है। यह स्टॉल न केवल व्यापार का माध्यम है, बल्कि इराक की समृद्ध पत्थर कला को भारतीय पर्यटकों तक पहुंचाने का सशक्त मंच भी बन रही है।