March 7, 2026

सूरजकुंड महोत्सव: छोटी चौपाल पर सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों की धूम

Faridabad/Alive News: प्रदेश के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा हरियाणा पर्यटन निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव की छोटी चौपाल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बुधवार को लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, सूफी संगीत, नाटक, रागनी और हास्य प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम की शुरुआत नरेंद्र भारद्वाज मोंटी पार्टी के हरियाणवी लोकनृत्य से हुई। शालू श्रीवास्तव के शास्त्रीय नृत्य, निशांत शकलानी के हिंदी सूफी बैंड, न्यू उथान थिएटर कुरुक्षेत्र के ‘उजबक राजा’ नाटक, गिटार व लोक प्रस्तुतियों तथा हास्य कलाकार सतीश हरियाणवी की प्रस्तुति ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी डॉ. दीपिका रानी ने बताया कि गुरुवार 5 फरवरी को छोटी चौपाल में रणबीर सिंह की गजल, मुद्रा ग्रुप ऑफ आर्ट्स का कथक नृत्य, दिलावर कौशिक का हिंदी–सूफी–हरियाणवी बैंड, सुशील कुमार पार्टी का हरियाणवी लोकनृत्य तथा चंडीगढ़ आर्ट थिएटर की नाट्य प्रस्तुति होगी।

उल्लेखनीय है कि महोत्सव के तहत 15 फरवरी तक छोटी व बड़ी चौपाल पर प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।