Faridabad/Alive News: डी. ए. वी. सेंटेनरी कॉलेज, फरीदाबाद में आईक्यूएसी कक्ष में मूल्यवर्धित कौशल विकास पाठ्यक्रमों के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पर्यटन विभाग एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के संयुक्त तत्वावधान में जीटीटी फाउंडेशन के साथ हुए एमओयू के अंतर्गत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जीटीटी फाउंडेशन की टीम ने महाविद्यालय का दौरा किया और विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को कौशल आधारित पाठ्यक्रमों, इंटर्नशिप तथा रोजगार के अवसरों से अवगत कराना रहा।
जीटीटी फाउंडेशन की टीम में सेंटर मैनेजर पूजा त्रिपाठी, हॉस्पिटैलिटी ट्रेनर राहुल पांडे, सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर रीना, काउंसलर कोमल तथा प्लेसमेंट ऑफिसर अरुण शामिल रहे। टीम सदस्यों ने विद्यार्थियों को प्रस्तावित पाठ्यक्रमों की रूपरेखा, उनके व्यावहारिक लाभ, उद्योग से जुड़ाव और प्लेसमेंट सहायता की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर बीबीए, बीसीए, बी.कॉम, बीए, बीए-जेएमसी एवं एमए पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों का स्वागत पर्यटन विभाग के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष अमित कुमार तथा सहायक आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. ललिता ढींगरा द्वारा किया गया। दोनों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने अत्यंत उपयोगी बताया और इसे कौशल विकास की दिशा में एक सार्थक एवं भविष्य उन्मुख पहल करार दिया।

