March 7, 2026

बीजेपी की नीतियों से हरियाणा कर्ज में डूबा : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

Faridabad/Alive News: पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया है कि बीजेपी की गलत नीतियों के चलते हरियाणा देश के सबसे अधिक कर्जदार राज्यों की श्रेणी में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश का सबसे समृद्ध राज्य रहा हरियाणा आज खस्ताहाल अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में खड़ा है।

फरीदाबाद में सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि रिजर्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा टॉप-5 कर्जदार राज्यों में शामिल हो चुका है और प्रदेश पर कर्ज 5.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि 2014 तक यह केवल 60 हजार करोड़ रुपये था।

उन्होंने कहा कि अत्यधिक कर्ज के कारण सरकार के पास योजनाएं चलाने और चुनावी वादे पूरे करने के लिए पर्याप्त राजस्व नहीं है। महिलाओं को 2100 रुपये मासिक देने का वादा पूरा नहीं किया जा रहा है और लाभार्थियों की संख्या सीमित कर दी गई है।

हुड्डा ने मनरेगा में हुए बदलावों पर भी सरकार को घेरा और कहा कि 8 लाख से अधिक पंजीकृत मजदूरों के बावजूद 2024-25 में केवल 2100 परिवारों को ही 100 दिन का काम मिला। एसवाईएल मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के पक्ष में होने के बावजूद सरकार पंजाब के साथ बैठकों में समय बर्बाद कर रही है और हरियाणा को उसके हक का पानी नहीं मिल पा रहा है।