June 13, 2026

पाखल की फैक्ट्री में लगी आग, दो श्रमिकों की जलकर मौत और एक घायल

Faridabad/Alive News: पाखल गांव स्थित एक फैक्ट्री में शुक्रवार को लगी भीषण आग में दो श्रमिकों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक श्रमिक शुक्रवार से ही लापता बताए जा रहे थे, जिनके शव शनिवार को फैक्ट्री परिसर से बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान आलिम निवासी मुबारकपुर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) और अरविंद, निवासी जाफराबाद दिल्ली के रूप में हुई है। वहीं आग में झुलसे घायल कर्मचारी का नाम फाजिल बताया गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब चार बजे प्लाईवुड निर्माण करने वाली इस फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी। आग की चपेट में आकर एक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि दो अन्य श्रमिक लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

शनिवार को फैक्ट्री की तलाशी के दौरान दोनों लापता श्रमिकों के शव बरामद हुए। पुलिस मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी हुई है।