March 7, 2026

11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में दोषी को 20 साल की सजा

Faridabad/Alive News: एडिशनल सेशन कोर्ट के जज हेमराज मित्तल ने 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में दोषी व्यक्ति को 20 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। दोषी की पहचान रवि पांडे के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला है और डबुआ थाना क्षेत्र में रह रहा था।

मुख्य बचाव पक्ष के वकील रविंदर गुप्ता ने बताया कि यह मामला 29 अक्टूबर 2020 को पीड़ित बच्ची की शिकायत के आधार पर डबुआ थाना में दर्ज किया गया था। पुलिस जांच और अदालत में चली लंबी सुनवाई के बाद आरोपी को दोषी ठहराया गया।

अदालत में प्रस्तुत तथ्यों के अनुसार, घटना के समय बच्ची दूसरी कक्षा में पढ़ती थी। उसके माता-पिता काम पर जाने के कारण उसे और उसके छोटे भाई को घर पर अकेला छोड़ देते थे। 26 अक्टूबर 2020 को माता-पिता के काम पर जाने के बाद पड़ोस में रहने वाला रवि पांडे बच्ची के घर में घुस आया। किसी काम में मदद मांगने के बहाने वह बच्ची को कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

उसने बच्ची को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। बच्ची ने शुरू में अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया, लेकिन वह गुमसुम और चुप रहने लगी। जब उसकी मां ने प्यार से उससे पूछा, तो बच्ची ने बताया कि उसके पड़ोसी रवि पांडे ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। इसके बाद मां उसे पुलिस स्टेशन ले गई और शिकायत दर्ज कराई। यह मामला तब से कोर्ट में चल रहा था।