March 7, 2026

पत्नी खूबसूरत लगी तो ट्रम्प ने पति को बनाया मंत्री

Delhi/Alive News: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने आंतरिक मामलों का मंत्री डग बर्गम को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसपर विवाद शुरू हो गया है। उन्होंने कहा- मैंने बर्गम को मंत्री बनाया क्योंकि उनकी पत्नी कैथरीन बहुत खूबसूरत लगीं।

ट्रम्प ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि उन्होंने कैथरीन को पहली बार एक वीडियो में घुड़सवारी करते देखा था। इसके बाद उन्होंने कैथरीन के बारे में पता लगाया।

ट्रम्प ने कहा, “मेरे लोगों ने मुझे इनके बारे में बताया। फिर मैंने कहा कि मैं उसे हायर करने जा रहा हूं क्योंकि जिस आदमी के पास वैसी पार्टनर हो… यह अपने आप में एक बड़ी तारीफ है।”

ट्रम्प ने बर्गम की भी तारीफ की और कहा कि वे एक सफल बिजनेसमैन हैं, नॉर्थ डकोटा के दो टर्म के मजबूत गवर्नर रहे हैं और उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। इस दौरान बर्गम और कैथरीन भी मौजूद थे।

हालांकि, ट्रम्प की इन टिप्पणियों पर तुरंत आलोचना शुरू हो गई। कई लोगों ने इसकी मंशा और लहजे पर सवाल उठाए कि उन्होंने एक कैबिनेट नियुक्ति के लिए किसी महिला की शक्ल-सूरत पर इतना जोर क्यों दिया।

ट्रम्प का महिलाओं के बारे में ऐसे बयान देने का पुराना इतिहास रहा है। उन पर अक्सर यह आरोप लगता रहा है कि वह महिलाओं की काबिलियत के बजाय उनके रूप-रंग पर ज्यादा ध्यान देते हैं।