March 7, 2026

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर रहा दो मिनट का मौन

Faridabad/Alive News: आज 30 जनवरी शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर देशभर में शहीद दिवस मनाया रहा है। इस दिन को मौन दिवस तथा नशा मुक्ति संकल्प और शपथ दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस दिन राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विभिन्न सरकारी, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थानों में दो मिनट का मौन रखा जाता है।

मोहनदास करमचंद गांधी जिनका जन्म 2 अक्टूबर 1869 को हुआ था वही उनका निधन 30 जनवरी 1948 को हुआ था जिन्हें आज विश्व महात्मा गांधी के नाम से जानता है। वह भारत के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख राजनीतिक और आध्यात्मिक नेता थे। उन्होंने सत्य और अहिंसा पर आधारित सत्याग्रह के माध्यम से अत्याचार के प्रतिकार का मार्ग दिखाया। उनके नेतृत्व में चले आंदोलनों ने भारत को स्वतंत्रता दिलाने में अहम भूमिका निभाई और पूरी दुनिया में नागरिक अधिकारों व स्वतंत्रता आंदोलनों को नई दिशा दी।

महात्मा गांधी के विचारों की नींव अहिंसा के सिद्धांत पर आधारित थी, जिसने न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर मानवता, शांति और नैतिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की। ‘महात्मा’ शब्द संस्कृत भाषा से लिया गया है, जिसका अर्थ ‘महान आत्मा’ होता है, और यह नाम उन्हें उनके विचारों व कार्यों के कारण मिला।

उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने नई दिल्ली में गांधी जी की गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। उनकी शहादत को स्मरण करते हुए हर वर्ष यह दिन राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि, आत्मचिंतन और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेने के रूप में मनाया जाता है।