June 13, 2026

सूरजकुंड मेला “लोकल टू ग्लोबल” थीम पर होगा आयोजित

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल–2026 इस वर्ष “लोकल टू ग्लोबल– आत्मनिर्भर भारत की पहचान” थीम पर 31 जनवरी से 15 फरवरी तक सूरजकुंड मेला परिसर में आयोजित होगा। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि मेला शिल्पकारों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने का सशक्त मंच है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल सहित कई मंत्री व विधायक शामिल होंगे। इस वर्ष मेघालय और उत्तर प्रदेश थीम स्टेट तथा मिस्र पार्टनर कंट्री रहेगा। मेले में विशेष फूड स्टॉल, हस्तशिल्प-हस्तकरघा बिक्री, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बच्चों की गतिविधियां और ग्रामीण जीवन की झलक आकर्षण होंगी। उत्कृष्ट शिल्पकारों को कला रत्न, कला मणि सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

मेला प्रशासक सतबीर मान ने बताया कि 1987 से शुरू हुआ सूरजकुंड मेला आज अंतरराष्ट्रीय पहचान बन चुका है। 2026 संस्करण में मेले का नया नाम आत्मनिर्भर भारत की भावना को दर्शाता है। 42.5 एकड़ में फैले परिसर में हजार प्लस स्टॉल, कार्यशालाएं, लाइव डेमो, सांस्कृतिक चौपालें और मनोरंजन क्षेत्र स्थापित होंगे।