Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी की पुलिस ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में खाताधारक सहित तीन आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद निवासी एक महिला ने दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम चलाते समय उसे एक लिंक दिखाई दिया। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गई, जिसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। वहां उसे रेस्टोरेंट को रिव्यू करने के नाम पर पैसे कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा उसका एक खाता खुलवाया गया और टास्क करने को कहा गया। शुरुआत में कुछ टास्क के पैसे उसके खाते में भेजे गए, जिससे उसका विश्वास जीत लिया गया। बाद में उसे पेड टास्क करने के लिए कहा गया। लालच में आकर शिकायतकर्ता ने आरोपियों के बताए अनुसार उनके खातों में कुल 7,31,014 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसके मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया।
पुलिस ने कार्यवाही करते कर सुभाष नगर निवासी दिव्य प्रकाश, केशवपुरा निवासी अंकित तथा झालावाड़ निवासी अभिषेक कश्यप को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंकित इस मामले में खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता व उससे संबंधित एटीएम कार्ड अपने दोस्त दिव्य प्रकाश को दे रखा था। खाते में आई ठगी की राशि एटीएम कार्ड से निकलवाकर दिव्य प्रकाश आगे आरोपी अभिषेक को दे देता था। आरोपी अभिषेक ने उक्त खाता आगे ठगों को उपलब्ध करवा रखा था, जिसके माध्यम से ठगी की रकम डलवाई जाती थी। गिरफ्तार आरोपी अंकित व दिव्य प्रकाश बीए पास तथा अभिषेक एमकॉम पास है।

