March 8, 2026

अन्नदान – महादान मुहिम के तहत तपेदिक के सौ मरीजों को विशेष पोषाहार व कंबल किया वितरित

Faridabad/Alive News: जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित अन्नदान–महादान मुहिम के अंतर्गत लोहड़ी व मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर तपेदिक (टीबी) के सौ मरीजों को विशेष पोषाहार एवं कंबल वितरित किए गए। यह कार्यक्रम उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद और विक्टोरा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगराधीश फरीदाबाद अंकित कुमार ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री का सपना भारत को टीबी मुक्त बनाना है, जिसे समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से ही साकार किया जा सकता है। उन्होंने इस दिशा में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा रेडक्रॉस भवन परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विक्टोरा ऑटो ग्रुप फरीदाबाद के प्रबंध निदेशक एच.एस. बांगा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि तपेदिक एक गंभीर बीमारी जरूर है, लेकिन लाइलाज नहीं है। यदि रोगी समय पर और पूरी दवाइयों का सेवन करें तो वे पूर्णतः स्वस्थ हो सकते हैं। उन्होंने सभी रोगियों से नियमित रूप से दवा लेने की अपील की।

विक्टोरा ग्रुप के सीएसआर हेड अजय सोमवंशी ने आश्वासन दिया कि जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा भविष्य में टीबी रोगियों के लिए आयोजित किए जाने वाले प्रत्येक कार्यक्रम में विक्टोरा फाउंडेशन सहयोग करता रहेगा। उन्होंने बताया कि विक्टोरा फाउंडेशन द्वारा आईएमटी फरीदाबाद में एक क्लिनिक खोला गया है, जहां मात्र 10 रुपये में स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध है।

जिला टीबी अधिकारी फरीदाबाद डॉ. हरजिंदर सिंह ने विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तपेदिक रोगियों से नियमित दवा लेने, समय पर जांच कराने और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को एक हजार प्रतिमाह की सहायता दी जाती है तथा जांच, उपचार और पोषण की सभी सुविधाएं निःशुल्क हैं।

जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव बिजेंद्र सौरोत ने कहा कि तपेदिक एक गंभीर बीमारी है, लेकिन सही उपचार और पौष्टिक आहार से इसका सफल इलाज संभव है। उन्होंने रोगियों को बीमारी से बचाव एवं समय-समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया।
से

वानिवृत्त अधीक्षक प्रताप सिंह एवं मंडल बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने संयुक्त रूप से कहा कि तपेदिक के लक्षणों की समय रहते पहचान और तत्काल इलाज बेहद जरूरी है। उन्होंने रोगियों से विशेष पोषाहार लेने तथा फल-सब्जियों को अपने आहार में शामिल करने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के आजीवन सदस्य डॉ. एम.पी. सिंह ने किया। इस अवसर पर सुशील, रामबरन यादव, रामकिशोर, अशोक कुमार, केशव कुमार, युवराज, सुमित, मनदीप, सुगम, अमनदीप, जगन्नाथ अत्रि, रोहताश कुमार, अरविंद कुमार, बृजमोहन शर्मा, प्रेम, रानी, परवीन सहित अन्य रेडक्रॉस स्टाफ एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग दिया।