
दीपावली के उल्लास, रोशनी और आतिशबाजी का धुआं छंटने के ठीक बाद हमारी संस्कृति हमें ठहरने और आत्ममंथन करने का अवसर देती है। गोवर्धन पूजा का पर्व महज एक पारंपरिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के साथ हमारे सह-अस्तित्व और संतुलन का गहरा दार्शनिक संदेश है। जिस समय पूरा देश आधुनिकता की दौड़ में अंधाधुंध उपभोक्तावाद की तरफ भाग रहा है, तब गोवर्धन पूजा हमें याद दिलाती है कि हमारी रीढ़ की हड्डी कंक्रीट के जंगल नहीं, बल्कि हरे-भरे पहाड़, नदियां, वन और प्रकृति हैं।
प्राचीन कथाओं के अनुसार, भगवान कृष्ण ने इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा का विधान शुरू किया था। इसके पीछे का निहितार्थ बेहद गहरा और वैज्ञानिक था। इंद्र प्रतीक हैं प्रकृति के उस उग्र और अप्रत्याशित रूप का, जबकि गोवर्धन प्रतीक है उस स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र का, जो सीधे तौर पर मानव जीवन का पोषण करता है। पर्वत, पेड़-पौधे और जीव-जंतु मिलकर हमारे पर्यावरण को स्थिर रखते हैं। यह घटना पर्यावरण संरक्षण का भारत का सबसे पहला और सबसे बड़ा लोक-आंदोलन थी, जिसमें यह सिखाया गया कि प्रकृति हमारी पूज्य है, मात्र उपभोग की वस्तु नहीं।
आज जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और ग्लेशियरों के पिघलने जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है, तब हमारी पारंपरिक जीवनशैली की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है। आधुनिक विकास के नाम पर जंगलों की अंधाधुंध कटाई, पहाड़ों का चीरा जाना और नदियों का प्रदूषण आज हमारे अस्तित्व के सामने ही प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है। ऐसे में ‘सतत विकास’ की अवधारणा, जिसकी रट आज संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक मंचों पर लगाई जाती है, हमारे वेदों और त्योहारों में सदियों पहले से रची-बसी है।
गोवर्धन पूजा का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू ‘गोधन’ यानी पशुधन और कृषि अर्थव्यवस्था से जुड़ा है। प्रकृति के संतुलन में जीव-जंतुओं की भूमिका अहम होती है। प्राकृतिक खेती, केंचुए, गोबर की खाद और जैविक उर्वरक आज की रासायनिक कृषि का एकमात्र पर्यावरण-अनुकूल विकल्प बनकर उभर रहे हैं। जब हम गोवर्धन पूजा पर प्रकृति और मवेशियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, तो हम अनजाने में ही उस जीवन-प्रणाली का समर्थन कर रहे होते हैं जो भविष्य की पीढ़ियों के लिए पृथ्वी को सुरक्षित रखती है।
दुर्भाग्यवश, आज हमने इन पर्वों के मूल दर्शन को विसार दिया है और उन्हें केवल औपचारिकता तक सीमित कर दिया है। त्योहारों के मौसम में जिस तरह का कचरा और प्रदूषण उत्पन्न होता है, वह हमारे दावों के बिल्कुल उलट है। आवश्यकता इस बात की है कि हम गोवर्धन पूजा के विचार को अपनी आधुनिक नीतियों और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। विकास और पर्यावरण के बीच का संघर्ष तभी समाप्त हो सकता है जब हम यह समझें कि प्रकृति का विनाश करके किया गया विकास अल्पकालिक और आत्मघाती होता है।
दीपावली के दीपकों की रोशनी हमें बाहरी दुनिया को चमकाने का संदेश देती है, लेकिन गोवर्धन पूजा का पर्वत हमें यह सिखाता है कि हमारी असली थाती हमारी वसुधा और उसका पर्यावरण है। यदि आने वाली पीढ़ियों को सांस लेने के लिए शुद्ध हवा और पीने के लिए निर्मल जल चाहिए, तो हमें विकास के मॉडल में प्रकृति को केंद्र में रखना होगा। गोवर्धन की परिक्रमा केवल एक धार्मिक कृत्य नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का संकल्प होना चाहिए।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं अलाइव के संपादक हैं)

