Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में अव्यवस्था अब बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन में भी बाधा बन रही है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आगामी परीक्षाओं के लिए शिक्षा निदेशालय द्वारा भेजी गई परीक्षा केंद्रों की सूची से सुविधाओं के अभाव के चलते चार सरकारी स्कूलों को बाहर कर दिया गया है। इनके स्थान पर वैकल्पिक स्कूलों की सूची शिक्षा विभाग ने निदेशालय को भेज दी है। अंतिम सूची शीघ्र जारी की जाएगी।
बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने एक सप्ताह पहले फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र के निजी व राजकीय स्कूलों की सूची भेजी थी। इसमें फरीदाबाद के 48 और बल्लभगढ़ के 8 निजी एवं सरकारी स्कूलों को परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया था। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी चयनित स्कूलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पेयजल, शौचालय, कक्षाओं में प्रकाश व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, भवन की स्थिति और स्कूल तक पहुंचने के लिए परिवहन सुविधा सहित विभिन्न मानकों की जांच की गई। चार स्कूलों में भवन समेत आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव पाया गया, जिसके चलते उन्हें सूची से हटा दिया गया। ये सभी स्कूल सरकारी हैं। इसके बाद विभाग की ओर से कुल 52 स्कूलों की संशोधित सूची शिक्षा निदेशालय को भेजी गई है।
करीब 28 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले सत्र में 86 परीक्षा केंद्रों पर 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं दी थीं, जबकि इस बार करीब 28 हजार विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
इसी क्रम में 23 जनवरी से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी। शिक्षा निदेशालय ने परीक्षाओं के सुचारू और सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। प्री-बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र राज्य शैक्षणिक एवं अनुसंधान परिषद की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे।
क्या कहना है उप जिला शिक्षा अधिकारी का
शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार स्कूलों में सुविधाओं की जांच करके रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी गई है। यह प्रस्तावित लिस्ट थी, परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसमें सरकारी और मान्यता प्राप्त तथा हरियाणा बोर्ड से संबद्धता प्राप्त निजी स्कूलों को ही शामिल किया गया है।
-डा. मनोज मित्तल, उप जिला शिक्षा अधिकारी।

