March 7, 2026

संघ के शताब्दी वर्ष पर प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में फरीदाबाद महानगर (पूर्व) द्वारा मंगलवार को सेक्टर-11 स्थित मिलन वाटिका में प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। संगोष्ठी का उद्देश्य संघ की 100 वर्षों की राष्ट्र साधना की यात्रा तथा भावी सामाजिक दिशा के रूप में ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर संवाद करना रहा। इस अवसर पर एक विशेष पत्रिका का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीवा आयुर्वेद के संस्थापक निदेशक डॉ. प्रताप चौहान रहे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय संपर्क टोली के सदस्य श्रीकृष्ण सिंघल तथा विभाग संघचालक डॉ. अरविंद सूद की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता डॉ. कृष्ण गोपाल ने अपने संबोधन में कहा कि संघ विगत 100 वर्षों से निरंतर राष्ट्र सेवा और समाज उत्थान के कार्य में संलग्न है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1925 में नागपुर से प्रारंभ हुई संघ की यात्रा आज एक विशाल वटवृक्ष का स्वरूप ले चुकी है। यह केवल संगठन की यात्रा नहीं, बल्कि समाज के सहयोग से बनी एक सामूहिक राष्ट्र साधना है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारतीय दर्शन और हिंदू चिंतन की स्वीकार्यता बढ़ रही है तथा समाज में राष्ट्रीय चेतना सुदृढ़ हो रही है।
डॉ. कृष्ण गोपाल ने ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी जीवन शैली और नागरिक कर्तव्य—ये पांच आधार स्तंभ हैं, जिनके माध्यम से समाज को जाग्रत कर राष्ट्र को परम वैभव की ओर अग्रसर किया जा सकता है।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रताप चौहान ने आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति की वैज्ञानिकता पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने भारतीय जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना अखिल भारतीय संपर्क टोली के सदस्य श्रीकृष्ण सिंघल ने रखी। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं भावी योजनाओं की जानकारी साझा की।
महानगर संघचालक (फरीदाबाद पूर्व) उमेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। संगोष्ठी में सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में दीपक अग्रवाल, दीपक ठुकराल और राकेश गुप्ता का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर उपस्थित नागरिकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।