March 7, 2026

हाईराइज सोसायटियों में दूषित पेयजल संकट, बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क में टीडीएस आठ सौ तक पहुंचा

Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद स्थित बहुमंजिला आवासीय सोसायटियां, जिन्हें अब तक पेयजल की दृष्टि से सुरक्षित माना जाता रहा है, अब दूषित पानी की गंभीर समस्या से जूझ रही हैं। हाल के दिनों में इन सोसायटियों से खराब गुणवत्ता वाले पेयजल की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।

इसी कड़ी में ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-80 स्थित बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क सोसायटी का मामला सामने आया है। यहां सप्लाई किए जा रहे पानी में टीडीएस का स्तर 795 से 800 तक दर्ज किया गया है, जो निर्धारित मानकों से काफी अधिक है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस पानी के उपयोग से लोगों को त्वचा से जुड़ी बीमारियां हो रही हैं।

बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क सोसायटी में करीब 550 से अधिक फ्लैट्स हैं, जिनमें से 450 से ज्यादा फ्लैट्स में परिवार रह रहे हैं। निवासियों का कहना है कि वे 2 बीएचके फ्लैट के लिए हर महीने लगभग आठ हजार रुपये मेंटेनेंस शुल्क अदा करते हैं, इसके बावजूद उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

निवासियों के अनुसार, चार दिसंबर से ही पेयजल में टीडीएस 650 से अधिक आना शुरू हो गया था। इस समस्या को लेकर सोसायटी के इस्टेट मैनेजर और बीपीटीपी बिल्डर से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। समय के साथ पानी में टीडीएस का स्तर बढ़कर 800 तक पहुंच गया है। एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।

लोगों का कहना है कि अधिक टीडीएस वाला पानी इस्तेमाल करने से त्वचा पर लाल दाने, खुजली, पेट दर्द और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो रही हैं। बीते एक महीने के भीतर ही करीब 20 से 25 लोग इन स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित हो चुके हैं।