July 31, 2026

दूषित पानी के मामले के बाद नगर निगम अलर्ट, 46 वार्डों में पानी जांच के आदेश

Faridabad/Alive News: दूषित पानी पीने से 14 लोगों की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए फरीदाबाद नगर निगम पूरी तरह सतर्क हो गया है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर विवेक गिल ने शहर के चारों जोन के कार्यकारी अभियंताओं को सभी 46 वार्डों में पानी की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
चीफ इंजीनियर ने कहा है कि पानी की जांच केवल एक बार की प्रक्रिया न होकर नियमित रूप से हर माह कराई जाए और उसकी पूरी रिपोर्ट व रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जाए। नगर निगम की ओर से पानी के सैंपल जांच के लिए पंचकूला स्थित लैब में भेजे जाते हैं, ताकि पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
जिले में पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी दो विभागों के बीच बंटी हुई है। एफएमडीए द्वारा नगर निगम के बूस्टरों तक पानी की सप्लाई की जाती है, जिसके बाद नगर निगम अपने बूस्टरों के माध्यम से लोगों के घरों तक पानी पहुंचाता है। वहीं शहर की कई कॉलोनियां ऐसी भी हैं, जहां अभी तक सप्लाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इन क्षेत्रों में पानी के लिए बोरवेल लगाए गए हैं, लेकिन बोरवेल का पानी खारा होने के कारण उपयोग योग्य नहीं होता। मजबूरी में यहां के लोग टैंकरों के पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
नगर निगम का कहना है कि पानी की गुणवत्ता को लेकर अब किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी।